झज्जर। हत्या और हत्या का प्रयास मामले में दोषी को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सुखप्रीत सिंह की अदालत ने आजीवन कठोर कारावास की सजा सुनाई है। इसके अलावा जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना अदा न करने पर अतिरिक्त सजा काटनी होगी।
अभियोग के अनुसार 16 नवंबर 2021 को एएसआई प्रीतम कुमार, एएसआई नरेंद्र और चालक ईएचसी राम दर्शन पीसीआर-11 में तैनात थे। तभी पुलिस चौकी से सूचना मिली कि मांडोठी निवासी व सोनीपत के खरखोदा के सैदपुर नाके पर ईएसआई के पद पर कार्यरत संत कुमार ने घरेलू कलह के चलते अपनी पत्नी सरोज व बेटी शताशी पर गोली चलाई है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। हवां आरोपी संत कुमार अपने बेटे को मारने के लिए दौड़ रहा था। पुलिस ने उसे पकड़ लिया था। उसके बाद घायलों को बहादुरगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां पर आरोपी की बेटी शताक्षी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था जबकि उसकी पत्नी सरोज को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया था।
आरोपी ने अपनी सर्विस रिवाल्वर से वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने इस मामले में हेडकांस्टेबल प्रदीप की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की थी। तभी से यह मामला अदालत में चल रहा था।
इस मामले में अदालत ने संत कुमार को दोषी करार देते हुए धारा 302 के तहत आजीवन कठोर कारावास की सजा सुनाई है। इसके अलावा उसे 25 हजार रुपये जुर्माना अदा करना होगा।
जुर्माना अदा नहीं करने पर दो साल कैद काटनी होगी। इसी प्रकार धारा 307 के तहत 10 साल कैद व 20 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई है। जुर्माना अदा नहीं करने पर एक साल अतिरिक्त सजा काटनी होगी। इसके अलावा 27 आर्म्ज एक्ट के तहत तीन साल कैद व पांच हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है।
जुर्माना अदा नहीं करने पर तीन माह कैद अतिरिक्त काटनी होगी। इसी प्रकार 30 आर्म्स एक्ट के तहत 6 माह कैद और दो हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। जुर्माना न अदा करने पर 15 दिन अतिरिक्त सजा काटनी होगी।