झज्जर। स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडीज इन टीचर एजुकेशन, झज्जर की एनएसएस इकाई की ओर से सत्र 2026-28 के स्वयंसेवकों के लिए अभिमुखीकरण कार्यक्रम एवं प्री-आरडी ट्रायल कैंप प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। शुभारंभ एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सविता यादव के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने बताया कि वर्तमान एनएसएस इकाई में 110 विद्यार्थी शामिल हैं।
प्राचार्या डॉ. संतोष ने ‘स्वयं से पहले आप’ के मंत्र को अपनाने और समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। वरिष्ठ स्वयंसेवक रिया अग्रवाल ने एनएसएस के लोगो, प्रतीक, उसके अर्थ, एनएसएस गीत तथा वर्षभर आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। वरिष्ठ स्वयंसेवक उन्मुक्त ने नए सदस्यों को ‘माई भारत’ पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया समझाते हुए इसके महत्व से अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान हर्ष और विनय ने ‘माई भारत’ पोर्टल पर आधारित प्रश्नोत्तरी आयोजित की, जिससे विद्यार्थियों में उत्साह बढ़ा। एनएसएस समिति के सदस्य डॉ. सीमा, नवबहार यादव और दीपक सैनी भी उपस्थित रहे। संस्थान के निदेशक डॉ. ऋषि गोयल ने सभी स्वयंसेवकों एवं एनएसएस टीम को नई यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।