संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। नेहरू कॉलेज क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए एक क्रिकेट मैच में मातनहेल टाइगर्स ने बहादुरगढ़-बेरी की टीम को 80 रनों से हराकर जीत दर्ज की। मैच में मातनहेल टाइगर्स के खिलाड़ी बिजेंद्र को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस जीतकर बहादुरगढ़-बेरी की टीम ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मातनहेल टाइगर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 192 रन बनाए। टीम की ओर से वीरेंद्र कुमार सैनी ने 35 गेंदों में 6 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 66 रन बनाए। गेंदबाजी में संदीप कादयान और हैरी कादयान ने 2-2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बहादुरगढ़-बेरी की टीम 12 ओवर में 112 रन पर ऑल आउट हो गई। सन्नी ने 27 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 41 रन बनाए। गेंदबाजी में अंकित चौधरी और बिजेंद्र ने 3-3 विकेट हासिल किए। मातनहेल टाइगर्स के वीरेंद्र कुमार सैनी को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और अंकित चौधरी को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज चुना गया।