इटावा। कोहरे की वजह से दूसरे दिन डाउन में महानंदा व नार्थ-ईस्ट एक्सप्रेस शुक्रवार को भी निरस्त रहीं जबकि छह ट्रेन घंटों देर से इटावा जंक्शन पहुंची। इसमें मगध एक्सप्रेस ढाई घंटे देर से जंक्शन पर आईं। ऐसे में ठंड की वजह से यात्रियों को परेशान होना पड़ा।
शुक्रवार कोहरे की वजह से आनंद विहार से चलकर कामाख्या को जाने वाली संख्या 12506 नॉर्थ-ईस्ट एक्सप्रेस व दिल्ली से अलीद्वारा को जाने वाली ट्रेन संख्या 15484 महानंदा एक्सप्रेस निरस्त रहीं। इन ट्रेनों के यात्री खासे परेशान हुए। यात्रियों ने दूसरी ट्रेनों में तत्काल में टिकट न हो पाने पर जनरल का टिकट लेकर यात्री की।
वहीं, कोहरे का असर लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी दिखा। इसमें ट्रेन संख्या 20801 मगध एक्सप्रेस ढाई घंटा, ट्रेन संख्या 12312 कालका एक्सप्रेस दो घंटा देर से इटावा जंक्शन पर आई। इसके अलावा ट्रेन संख्या 18310 संबलपुर एक्सप्रेस एक घंटा 10 मिनट, ट्रेन संख्या 12533 वैशाली एक्सप्रेस एक घंटा, ट्रेन संख्या 14853 मरुधर एक्सप्रेस 55 मिनट व ट्रेन संख्या 13239 पटना-कोटा डेढ़ घंटे देर से आई। ठंड की वजह से महिला, पुरुष, बच्चे व बुजुर्गों को प्लेटफार्म पर दिक्कत हुई।