कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के कन्फ्यूजन वाले बयान पर सियासी आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह ने इसे लेकर राहुल को फिर निशाने पर लिया। शिवराज ने एक जनसभा में राहुल के बयान को लेकर उन्हें फिर घेरा। साथ ही कमलनाथ का भी जिक्र कर राहुल पर तंज कसा।
शिवराज ने कहा- मुझ पर और मेरे बेटे पर आरोप लगाने के बाद जब पत्रकारों ने उनसे पूछा प्रमाण है क्या। तो वह बोले कि कन्फ्यूज हो गया था। वाह रे कन्फ्यूज होने वाले भैया, अगर तुम ऐसे कन्फ्यूज होते रहे तो देश कैसे चलाओगे।
इसी के साथ शिवराज ने कमलनाथ को राहुल द्वारा कमल बुलाए जाने को लेकर भी तंज कसा। शिवराज ने कहा- राहुल गांधी इंदौर में एक रेस्टोरेंट में गए थे। कमलनाथ भी उनके साथ थे जो राजीव गांधी के साथ काम कर चुके हैं। राहुल ने कहा, कमल आइसक्रीम बहुत अच्छी है तुम भी खाओ। क्या किसी 70-75 साल के आदमी को इस तरह पुकारना भारतीय सभ्यता है?
बता दें कि मध्य प्रदेश दौरे के दौरान सोमवार को झाबुआ में एक सभा को संबोधित करते हुए राहुल ने शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए कहा था, 'पनामा पेपर्स मामले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे का नाम भी सामने आया है, लेकिन उनपर कोई कार्रवाई नहीं की गई। जबकि पाकिस्तान जैसे देश ने इसी मामले को लेकर अपने पूर्व प्रधानमंत्री (नवाज शरीफ) को दंडित कर जेल में डाल दिया।' इस बयान को लेकर कार्तिकेय अदालत में मानहानि का केस ठोक चुके हैं।