संवाद न्यूज़ एजेंसी
बादली। तीन दिन पहले दूल्हेड़ा गांव के पास पिस्तौल के बल पर हुई लूट की वारदात पूरी तरह से योजनाबद्ध निकली जिसका मास्टरमाइंड खुद शिकायतकर्ता विक्की ही था। मामले में लूट की शिकायत करने वाले चालक विक्की, राहुल, सोहिल (निवासी रढालां निजामपुर, दिल्ली) और अभिषेक (निवासी नगला ठाकरान, दिल्ली) को गिरफ्तार कर लिया।
इन सभी ने मिलकर विक्की के साथ पूरी झूठी कहानी गढ़ी थी। पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा कर लूट की राशि भी बरामद कर ली गई है जबकि उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और एक नकली पिस्तौल भी बरामद हुई है।
जानकारी के मुताबिक, झज्जर-बहादुरगढ़ रोड पर मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों द्वारा पिस्तौल के बल पर दिल्ली के गढ़ी रढ़ालां निजामपुर के रहने वाले ड्राइवर विक्की और उनके परिचालक से तीन लाख 71 हजार 600 रुपये लूट होने की सूचना पुलिस को मिली थी।
मौके पर पहुंची पुलिस को विक्की ने बताया मोटरसाइकिल सवार तीन लुटेरों ने पिस्टल के बल पर लूट की है जिसमें दो लुटेरे हेलमेट लगाए हुए थे वही एक कपड़े से चेहरा ढके हुए था। विक्की की शिकायत पर बादली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस को शुरू से ही लूट की वारदात पर शक हुआ और विक्की से पूछताछ शुरू कर दी। पूछताछ में विक्की ने कबूल किया किया कि लूट की वारदात उन्होंने अपने भाई राहुल के साथ मिलकर रची थी। राहुल को ही उन्होंने अपनी लोकेशन दी और वारदात को अंजाम दिलवाया।
क्राइम एसीपी प्रदीप कुमार ने बताया कि सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन का रिमांड लिया गया है जिसके बाद आगे की कार्रवाई पूरी कर उन्हें बहादुरगढ़ अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।