झज्जर। जिला कारागार में मुलाकातियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क की शुरुआत की गई है। इसकी जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झज्जर के सचिव एवं सीजेएम विशाल ने दी। यह पहल हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण पंचकूला के तत्वावधान में और जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजकुमार यादव के मार्गदर्शन में शुरू की गई है।
सीजेएम विशाल ने बताया कि जेल में बंद बंदियों से मुलाकात करने वाले परिजनों को अक्सर परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसी को देखते हुए यह हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। यहां एक पैरा लीगल वालेंटियर की नियुक्ति की गई है। उसे निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी वरिष्ठ नागरिक या महिला मुलाकाती को परेशानी न हो।
उन्होंने बताया कि हेल्प डेस्क पर बंदियों के विचाराधीन मामलों से जुड़ी सामान्य जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है। यह सुविधा सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक उपलब्ध रहेगी। अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झज्जर के हेल्पलाइन नंबर 01251-252013 पर कार्य दिवसों में सुबह 9:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।