बहादुरगढ़। जिला प्रशासन ने इस बार कलेक्टर रेट बढ़ाने में कई तरह के नए बदलाव किए हैं। इस बार गांव टांडाहेड़ी में लिंक रोड पर 266 प्रतिशत और गांव सांखोल में कृषि भूमि के रेट 100 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ाए गए हैं। पहली बार सीएलयू (चेंज ऑफ लैंड यूज) लेने के बाद नए कलेक्टर रेट लागू किए गए हैं। सीएलयू वाली जमीनों की कीमतों में बड़ा बदलाव किया गया है।
प्रशासन ने पहली बार कृषि भूमि के कलेक्टर रेट को लेकर नए प्रावधान लागू किए हैं। इसके तहत जमीन का उपयोग बदलते ही उसकी दरें कई गुना तक बढ़ जाएंगी। इसका सीधा असर रजिस्ट्री कराने वालों पर पड़ेगा, जिन्हें अब अधिक फीस अदा करनी होगी।
जारी रेट के अनुसार कृषि भूमि को अन्य श्रेणियों में बदलने पर कलेक्टर रेट उसी आधार पर गुणा कर तय किया जाएगा। आवासीय प्लॉटिंग कॉलोनी के लिए यह दर संबंधित जमीन के कलेक्टर रेट से तीन गुना, ग्रुप हाउसिंग के लिए चार गुना और वाणिज्यिक उपयोग के लिए पांच गुना तक निर्धारित की गई है।
इसके अलावा वेयरहाउस के लिए दो गुना और संस्थागत उपयोग के लिए तीन गुना तक कलेक्टर रेट तय किया गया है।
गांवों के प्रति एकड़ प्रस्तावित किए गए कलेक्टर रेट:
गांव पिछला रेट बढ़े रेट बढ़ोतरी प्रतिशत
आसौदा सिवान लिंक रोड 57.75 लाख 1.28 करोड़ 122 प्रतिशत
टांडाहेड़ी लिंक रोड 42.90 लाख 1.57 करोड़ 266 प्रतिशत
भापड़ौदा बरानी भूमि 32.18 लाख 75.03 लाख 133 प्रतिशत
भापड़ौदा लिंक रोड 35.75 लाख 75.03 लाख 109 प्रतिशत
लोवा खुर्द लिंक रोड 31.35 लाख 62.82 लाख 100 प्रतिशत
सांखोल लिंक रोड 1.25 करोड़ 2.75 करोड़ 120 प्रतिशत
वर्जन
नए कलेक्टर रेट लागू हो गए हैं। इस बार सीएलयू वाले भूखंडों के लिए कलेक्टर रेट निर्धारित करने का नया प्रावधान लागू किया गया है।-प्रवीण, नायब तहसीलदार, बहादुरगढ़।