संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। झज्जर शहर के यशवर्धन दलाल की शतकीय पारी की बदौलत टीम ने जींद को पटौदी ट्रॉफी के मैच में पांच विकेट से हराया। इसके अलावा सुबोध, सम्मी कादयान और सामंत जाखड़ का भी मैच में शानदार प्रदर्शन रहा। झज्जर की टीम दोनों मैच जीतकर जोन-बी के ग्रुप में अंकतालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई।
बहादुरगढ़ के सेक्टर-9ए स्थित झज्जर क्रिकेट ग्राउंड में झज्जर और जींद की टीम के बीच पटौदी ट्रॉफी का मैच खेला गया। झज्जर की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जींद की टीम ने 50 ओवरों में आठ विकेट पर 336 रन बनाए। बल्लेबाजी में लक्ष्य मलिक ने 150 गेंदों में 21 चौकों और 10 छक्कों की मदद से 206 रन बनाए। वहीं, सम्मी कादयान ने पांच विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी झज्जर की टीम ने 41.1 ओवरों में पांच विकेट पर 338 रन बनाकर जीत दर्ज कर ली। इस दौरान बल्लेबाजी में यशवर्धन दलाल ने 86 गेंदों में 10 चौकों व 12 छक्कों की मदद से 137 रन बनाए। इसके अलावा सुबोध ने 84 गेंदों में छह चौकों व चार छक्कों की मदद से 75 और सामंत जाखड़ ने 9 गेंदों में ताबड़तोड़ दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 27 रन बनाए। वही भूपिंद्र सिंह और सोमबीर देशवाल ने दो-दो विकेट हासिल किए।
इंसेट
यशवर्धन व सुबोध ने की 175 रन की साझेदारी
झज्जर के खिलाड़ी यशवर्धन दलाल और सुबोध ने चौथे विकेट के लिए 139 गेंदों में 175 रनों की साझेदारी की। साझेदारी में यशवर्धन दलाल ने 55 गेंदों में 98 रन और सुबोध ने 84 गेंदों में 75 रन बनाए। वहीं, दो रन एक्स्ट्रा के रहे।
इंसेट
सम्मी ने लगातार दूसरे मैच में पांच विकेट झटके
बेरी निवासी सम्मी कादयान ने लगातार दूसरे मैच में पांच विकेट झटके। सम्मी कादयान ने पहले मैच में हांसी के खिलाफ पांच विकेट हासिल किए थे। शुक्रवार को मैच में जींद के खिलाफ खेले गए मैच में पांच विकेट हासिल किए हैं।
इंसेट
लगातार दूसरे मैच में आक्रामक रहे सामंत
पटौदी ट्रॉफी में झज्जर टीम के खिलाड़ी सामंत जाखड़ ने लगातार दूसरे मैच में भी आक्रामक बल्लेबाजी की। सामंत ने 300 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। इस दौरान छठे विकेट के लिए सामंत जाखड़ ने गौरिश दहिया के साथ मिलकर 14 गेंदों में 42 रन की साझेदारी कर झज्जर को मैच जिताया।
इंसेट
लक्ष्य मलिक ने की तीन अर्धशतकीय साझेदारी
जींद की टीम के खिलाड़ी लक्ष्य मलिक ने मैच में तीन अन्य खिलाड़ियों के साथ मिलकर अर्धशतकीय साझेदरी की। इस दौरान लक्ष्य मलिक ने दूसरे विकेट के लिए सचिन रेढू के साथ मिलकर 74 गेंदों में 59 रन जोड़े। इसके बाद पांचवें विकेट के लिए अमन सिवाच के साथ मिलकर 60 गेंदों में 81 रन बनाए। वहीं, नौवें विकेट के लिए दक्ष नैन के साथ मिलकर 32 गेंदाें में 50 रन बनाए।
03jjrp10- झज्जर। सम्मी कादयान