इकदिल। ट्रेन में चोरी करने वाला गिरोह जिले में सक्रिय है। रविवार सुबह चोरों ने टूंडला कानपुर पैसेंजर में सवार महिला का पर्स खोलकर उसमें से लगभग एक लाख रुपये के जेवर पार कर दिए। स्टेशन पर उतरी महिला के शोर मचाने पर लोग एकत्रित हो गए। महिला रेलवे कर्मचारियों को सूचना देकर रोते हुए गांव चली गई। बता दें कि 19 नवंबर को जीएम के दौरे से पहले सूबेदारगंज एक्सप्रेस ट्रेन से औरैया के बाबरपुर के यात्री बैग काटकर दो लाख रुपये के गहने चोरी हो गए थे।
शिमला पत्नी बृजेंद्र निवासी गांव डेरा कल्याणपुर ने बताया कि वह अपने दो बच्चों के साथ मायके परिहार गांव गई थी। रविवार को वह भदान स्टेशन से लौटने के लिए टूंडला कानपुर पैसेंजर पर सवार हुई थी। ट्रेन इकदिल स्टेशन पर आने वाली थी इसलिए वह दरवाजे के पास जाकर खड़ी हो गई।स्टेशन पर उतरने के बाद उसने कंधे पर टंगा अपने पर्स की चेन खुली देखी तो बैग चेक किया। पर्स से चांदी की हाफ और फुल कंधनी समेत लगभग एक लाख रुपये के जेवर गायब मिले।
यात्रियों के कहने पर पर महिला ने स्टेशन पर मौजूद कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी। कर्मचारियों ने इटावा जीआरपी थाने जाने की बात कहते हुए उसके परिजनों को बुलवा दिया। जानकारी के अभाव में महिला इटावा न जाकर अपने गांव चली गई। उसने बताया कि शनिवार जीआरपी पुलिस को इस संबंध में प्रार्थना पत्र देगी। सीओ उदयराज ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं है। कोई तहरीर नहीं दी गई है।