जम्मू में हमले की फिराक में हैं जैश आतंकी
- फोटो : File Photo
मंदिरों के शहर जम्मू में पुलिस ने अलर्ट जारी किया है। साथ ही सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यह सारी कवायद 26 जनवरी के पहले खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर की गई है, जिसमें कहा गया था कि जैश के आतंकी घाटी के साथ ही जम्मू को भी निशाना बना सकते हैं।
हालांकि, पुलिस ने ऐसी किसी सूचना से इनकार किया है, लेकिन अलर्ट जारी करने की बात कही है। सभी प्रमुख स्थानों पर चौकसी बढ़ा दी गई है। खुफिया एजेंसियों को 26 जनवरी के पहले सूचना मिली थी कि जैश ए मोहम्मद के तीन से चार आतंकी जम्मू संभाग में हैं।
यह जम्मू और इसके आसपास के इलाकों में फिदायीन हमला कर सकते हैं। जम्मू का रघुनाथ मंदिर और बावे मंदिर इनके निशाने पर हो सकता है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले जम्मू शहर में दो बार धमाके करने संबंधी धमकी भरे पत्र पुलिस के पास पहुंचे थे।
इन पत्रों की सच्चाई अब तक पता नहीं चल पाई है। एक पत्र आईएसआईएस के नाम से आया था। जम्मू के नगरोटा में जैश के आतंकी सैन्य कैंप पर हमला भी कर चुके हैं। ऐसे में इस सूचना के बाद पुलिस किसी लापरवाही के मूड में नहीं है।
ऐसी कोई पुख्ता सूचना पुलिस के पास नहीं है। बावजूद इसके हम गंभीर हैं। सभी जगह अलर्ट जारी किया गया है। पूरे तथ्यों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। - विवेक गुप्ता, एसएसपी जम्मू