बहादुरगढ़। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने नगर परिषद बहादुरगढ़ को झज्जर रोड स्थित आईटीआई के समीप बेरी रोड एंट्री प्वाइंट की ग्रीन बेल्ट से पक्का निर्माण हटाने का निर्देश दिया है। एचएसवीपी ने वर्ष 2023 में इस स्थल के सुंदरीकरण और हरियाली विकसित करने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी किया था।
प्राधिकरण के संज्ञान में आया है कि ग्रीन बेल्ट पर पक्का निर्माण एनओसी की शर्तों के विपरीत है। इससे पहले 25 जून को भी नगर परिषद को निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन दोबारा काम शुरू हो गया। एचएसवीपी ने नगर परिषद से 24 घंटे के भीतर निर्माण हटाकर ग्रीन बेल्ट का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा है। परिषद को अपना पक्ष या प्रस्ताव तत्काल कार्यालय में प्रस्तुत करने का भी निर्देश दिया गया है। संवाद