जयपुर में ऑस्ट्रेलिया को नौ विकेट से करारी मात देने केबाद भारतीय टीम ने जीत के सिलसिले को जारी रखने के के लिए शुक्रवार को पीसीए स्टेडियम में जमकर अभ्यास किया।
पिछले वनडे में मिली शिकस्त के बावजूद कंगारू टीम अभ्यास के बजाय शॉपिंग करती नजर आई। भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमों के बीच सात वनडे मैचों की सीरीज का तीसरा वनडे मुकाबला शनिवार को पीसीए स्टेडियम में खेला जाना है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें वीरवार को सिटी ब्यूटीफुल पहुंची थी। भारतीय खिलाड़ी पीसीए स्टेडियम में सुबह ही पहुंच गए थे। खिलाड़ियों ने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की अगवाई में टीम के खिलाड़ियाें ने मैदान और नेट पर जमकर पसीना बहाया।
दूसरी तरह, ऑस्ट्रेलिया टीम के कई खिलाड़ियों ने एलांते मॉल में जमकर शॉपिंग और मस्ती की। ऑस्ट्रेलिया टीम के खिलाड़ी जेम्स फॉक्नेर, एडम वोग्स, ब्रैड हैडिन, फिल ह्यूज और कैलेट मैके ने एलांते मॉल में पहुंचकर मस्ती की।
जैसे ही लोगों को पता चला कि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी मॉल में पहुंचे हुए हैं तो लोगों ने उन्हें अपने कैमराें में कैद करना शुरू कर दिया। जेम्स फॉक्नेर और एडम वोग्स ने सन ग्लास के शोरूम से सन ग्लास और ब्रैड हैडिन ने फेस क्रीम खरीदी। शॉपिंग के बाद आस्ट्रेलियाई खिलाड़ियाें ने कॉफी का लुत्फ उठाया।