फोटो-59: बहादुरगढ़ के बालौर रोड पर अधूरा पड़ा रैन बसेरे का भवन। संवाद
बहादुरगढ़। शहर के बालौर रोड स्थित राजकीय महाविद्यालय के पास पिछले करीब पांच वर्षों से अधूरा पड़ा रैन बसेरा अब पूरा होने की उम्मीद जगी है। नगर परिषद ने दो मंजिला भवन के शेष निर्माण कार्य को पूरा कराने के लिए करीब 82 लाख रुपये का टेंडर जारी कर दिया है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सर्दियों के मौसम में बेसहारा और जरूरतमंद लोगों को स्थायी रैन बसेरे की सुविधा मिल सकेगी।
नगर परिषद ने इस रैन बसेरे का निर्माण करीब पांच वर्ष पहले शुरू कराया था। इस परियोजना पर अब तक करीब 1.90 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं, लेकिन भवन का निर्माण अधूरा रहने के कारण इसका लाभ आमजन को नहीं मिल पाया। अब नए टेंडर के माध्यम से भवन के बचे हुए कार्य को पूरा किया जाएगा, ताकि इसे जल्द लोगों के लिए खोला जा सके।
बादली और बालौर रोड को जोड़ने वाले मार्ग पर बड़े भूखंड में बनाए जा रहे इस रैन बसेरे से हजारों लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। निर्माण शुरू होने से पहले यह स्थान गंदगी का केंद्र बना हुआ था, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। नगर परिषद की तत्कालीन चेयरपर्सन शीला राठी के कार्यकाल में इस परियोजना की शुरुआत की गई थी।
नगर परिषद चेयरपर्सन सरोज राठी ने बताया कि अधूरे रैन बसेरे को पूरा कराना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
फोटो-59: