फोटो 87 : झज्जर रोड पर राम गैस एजेंसी पर सिलिंडर लेने वाले उपभोक्ताओं की लगी लाइन। संवाद
बहादुरगढ़। घरेलू सिलिंडर नहीं मिलने पर लोग बोले कि उन्हें अब सारे काम छोड़ने के बाद सिलिंडर की चिंता सता रहती है। गैस खत्म हो गई तो खाना कैसे बनेगा। वे सुबह ही लाइन में लगकर सिलिंडर मिलने की कोशिश करते हैं। कॉमर्शियल सिलिंडर की सप्लाई बंद होने से व्यापारी परेशान हैं।
सरकार की ओर से दो दिन पहले एजेंसियों पर कॉमर्शियल सिलिंडर भेजने के निर्देश जारी किए थे लेकिन 7 एजेंसियों में से किसी भी पर मंगलवार को भी सिलिंडर नहीं पहुंचे। वहीं घरेलू सिलिंडरों के लिए भी एजेंसियों पर सुबह से ही लंबी कतारें लग जाती हैं।
कॉमर्शियल सिलिंडर की सप्लाई बंद होने से होटल, ढाबा और छोटे व्यापारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कालाबाजारी रोकने के नाम पर छापेमारी की जा रही है लेकिन इससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा। लोगों ने जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
शहरवासी सुरेंद्र कुमार, दीपक शर्मा, सोमबीर, नीरज कुमार, रविंद्र अहलावत ने बताया कि सिलिंडरों के लिए सुबह से ही नजफगढ़ रोड पर स्थित वीरेंद्र गैस एजेंसी, झज्जर रोड पर राम गैस एजेंसी, लाइनपार में एचपी गैस एजेंसी के अलावा अन्य कई एजेंसियों पर सिलिंडर लेने वाले उपभोक्ताओं की कतार लग जाती है।
गैस एजेंसी के संचालक अमित कुमार ने बताया कि कॉमर्शियल सिलिंडर एजेंसियों पर नहीं पहुंच रहे हैं लेकिन घरेलू सिलिंडर के लिए किसी तरह की कोई समस्या नहीं है। प्रतिदिन सिलिंडर की गाड़ी पहुंच रही है। जल्द ही यह समस्या भी दूर हो जाएगी।