संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। जिले में पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली पूरी तरह सुचारू और प्रभावी रूप से जारी है। नागरिक बड़ी संख्या में इसका लाभ उठा रहे हैं। उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने वीरवार को ई-दिशा केंद्र में पेपरलेस रजिस्ट्री का जायजा लिया और हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया।
डीसी ने कहा कि हेल्प डेस्क से नागरिकों को ऑनलाइन रजिस्ट्री से संबंधित संपूर्ण जानकारी मिलेगी। लोगों की सुविधा के लिए ही हेल्प डेस्क शुरू किया गया है ताकि उन्हें परेशानी न हो और आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह सहज रहे।
डीसी ने बताया कि जिले की तहसीलों में अब तक 131 रजिस्ट्री हो चुकी हैं। नई व्यवस्था को अपनाने कुछ समय लगता है। डीड राइटर्स से कुछ तकनीकी सुधार के सुझाव आएं हैं जिनको चंडीगढ़ भेजा जा रहा है।
उन्होंने डीड राइटर्स से कहा कि नई व्यवस्था है कुछ दिनों में आप भी सीख जाएंगे। आपको कोई परेशानी आती है या सुधार के लिए कोई सुझाव है तो जिला राजस्व अधिकारी मनबीर सांगवान के पास दें। उनका समाधान किया जाएगा। जिले के तहसील कार्यालयों अभी तक झज्जर में 67, बहादुरगढ़ में 16, बादली में 01, मातनहेल में 9, बेरी में 37 और साल्हावास में एक पेपरलेस रजिस्ट्री हुई है।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये की समीक्षा
वित्तायुक्त सुमिता मिश्रा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली की समीक्षा बैठक हुई। इसमें डीसी ने जिलास्तर पर चल रही व्यवस्था की जानकारी दी और प्रणाली को और बेहतर बनाने के कई सुझाव साझा किए गए। वीसी उपरांत डीसी ने राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि पेपर रहित रजिस्ट्री प्रणाली को पूरी गंभीरता के साथ लागू किया जाए। किसी भी स्तर पर तकनीकी दिक्कत आने पर उसे तुरंत उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाया जाए। उन्होंने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि इस कार्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी।