29-बारिश के दौरान दिल्ली रोड पर गुजरते वाहन। संवाद
रोहतक। जिले में वीरवार को झमाझम बारिश हुई। रोहतक और महम में तीन एमएम, सांपला में चार और कलानौर व लाखनमाजरा में एक-एक एमएम बारिश हुई। एक से 19 मार्च तक जिले में 6.1 एमएम बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान सामान्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा। शुक्रवार को भी जिले में बारिश होने की संभावना है।
जिले में दिनभर मौसम खराब रहा। बादल छाए रहे। हालांकि ठंडी हवाओं से मौसम सुहावना रहा। शाम चार बजे बूंदाबांदी हुई और फिर झमाझम बारिश हुई। रुक-रुककर बारिश देर रात तक होती रही। बारिश में तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर गेहूं व सरसों की फसलें बिछ गईं। कृषि विभाग के पास बारिश से नुकसान की कोई जानकारी नहीं है।
अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य तापमान की अपेक्षा 2.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है।
बारिश व हवा ने बढ़ाई किसानों की चिंता
सांपला। दिनभर मौसम बिगड़ा रहा। आसमान में काली घटा छाई रही। रुक-रुक कर बारिश हुई। शाम को तेज हवाओं के साथ तेज बारिश हुई। खेतों में पकी गेहूं की फसल के गिरने का अंदेशा बन गया है। वहीं कटी हुई सरसों की फसल में भी नुकसान की संभावना बढ़ गई है। किसान रोशन, बिजेंद्र और जगबीर सिंह का कहना है कि तेज हवा व बारिश से बिछी फसल में उत्पादन कम होगा। सरसों की कटाई जारी है जबकि गेहूं की फसल पकने की ओर है। जिले में एक लाख चार हजार हेक्टेयर में गेहूं और 13 हजार हेक्टेयर में सरसों की फसल लगी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिन मौसम में बदलाव रहेगा। संवाद
एक घंटा बिजली बाधित रही
बारिश के कारण शहर के देवी विहार कॉलोनी में बिजली लाइन में फाॅल्ट होने के कारण बिजली आपूर्ति एक घंटा बाधित रही। हादसे, पेड़ गिरने व खंभे गिरने की कोई सूचना नहीं है। बारिश से गोहाना रोड, सोनीपत रोड के कुछ हिस्सों में जलभराव की समस्या बन गई।