बहुचर्चित एचसीएस पेपर लीक केस में अब तक पकड़े गए आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं, वहीं अब कई और गिरफ्तारियां होंगी। हरियाणा सिविल सर्विस (ज्यूडिशियल) पेपर लीक मामले में एसआईटी जल्द ही और गिरफ्तारियां कर सकती है। इसके लिए एसआईटी ने मंगलवार को गिरफ्तार कांग्रेसी नेता सुनील चोपड़ा का दो दिन का रिमांड और लिया है। पुलिस के अनुसार टीटू ने राजस्थान के दो युवकों मोंटी और जसविंदर उर्फ जस्सी को 20-20 लाख रुपये में पेपर लीक करवाया था।
वहीं मामले में सुनीता के भाई कुलदीप की भी भूमिका सामने आ रही है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के भी प्रयास कर रही है। इसके अलावा एक अन्य आरोपी आयुषी के पिता सुभाष गोदारा की भी पुलिस तलाश कर रही है। वीरवार को एसआईटी ने दो दिन पहले गिरफ्तार आरोपी कांग्रेसी नेता सुनील चोपड़ा टीटू की रिमांड अवधि समाप्त होने पर उसे अदालत में पेश किया। पुलिस ने उसका तीन दिन का ओर रिमांड मांगा। इसके लिए पुलिस ने दलील दी कि, पांचों आरोपियों की बुड़ैल जेल में आमने-सामने बैठाकर पूछताछ तें कई नए तथ्य सामने आए हैं।
पूछताछ में सामने आया है कि उसने राजस्थान के मोंटी और जस्सी को 20-20 लाख रुपये में पेपर लीक करवाया था। वहीं आयुषी ने पिता सुभाष की मदद से पेपर लीक करवाया था। वहीं सुनीता के भाई कुलदीप की भी भूमिका पेपर लीक में सामने आ रही है। उसके खिलाफ भी कई सबूत मिले हैं। सुनीता ने कुलदीप को आंसरशीट दी थी। ऐसे में पुलिस को अब चारों आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए टीटू को दिल्ली और राजस्थान लेकर जाना है। इसके अलावा पूछताछ में सामने आया है कि सुनीता ने पेपर, आंसरशीट और उससे जुड़े सभी दस्तावेज पेपर के बाद टीटू के पास रखवा दिए थे।
टीटू से वह भी रिकवर करवाने हैं। ऐसे में अदालत से उसका तीन दिन का रिमांड मांगा गया। वहीं बचाव पक्ष ने पुलिस की दलीलों का विरोध करते हुए पुलिस रिमांड का विरोध किया। उन्होंने कहा कि, अब तक की रिमांउ में पुलिस टीटू से कोई रिकवरी नहीं कर पाई है। उसे मामले में झूठा फंसाया जा रहा है। वहीं उन्होंने टीटू का दिन में दो बार मेडिकल कराने और उससे मुलाकात करने की अनुमति देने की याचिका भी दायर की। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद टीटू की रिमांड अवधि दो दिन और बढ़ा दी। वहीं बचाव पक्ष की मेडिकल और मुलाकात संबंधी याचिका भी मंजूर कर दी।
पांचों से जेल में आमने-सामने पूछताछ
एसआईटी की ओर से अदालत में पेश हुए अधिकारियों ने कोर्ट के समक्ष बताया कि पांचों आरोपियों की बुड़ैल जेल में आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की गई है। पूछताछ में उन्हें कई मेजर लीड मिली हैं। फिलहाल इस पर पुलिस टीम जांच कर रही है।