झज्जर। हरियाणा और मुंबई के बीच खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी के लीग मुकाबले में तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक हरियाणा की टीम 87 रन पीछे है। जिले के तीनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन इस दिन उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा।
मुंबई स्थित एमसीए शरद पवार क्रिकेट अकादमी, बीकेसी में खेले जा रहे मुकाबले में मुंबई की टीम ने पहली पारी में 430 रन बनाए। इसके जवाब में हरियाणा की टीम अपनी पहली पारी में 270 रन पर ऑलआउट हो गई। जिले के कुलाना गांव निवासी कनिष्क चौहान ने तीन चौकों की मदद से 26 रन बनाए। वहीं, झज्जर शहर निवासी यशवर्धन दलाल दो चौकों की मदद से 10 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सेक्टर-6 निवासी सामंत जाखड़ खाता भी नहीं खोल सके।
पहली पारी में पिछड़ने के कारण हरियाणा को फॉलोऑन खेलना पड़ा। दूसरी पारी में बल्लेबाजी करते हुए टीम ने तीसरे दिन की समाप्ति तक दो विकेट के नुकसान पर 73 रन बना लिए थे। इस दौरान यशवर्धन दलाल तीन चौकों की मदद से 13 रन बनाकर क्रीज पर नाबाद थे। हरियाणा की टीम अब भी मुंबई की बढ़त को समाप्त करने से 87 रन दूर है।