झज्जर। रणजी ट्रॉफी के लीग मुकाबले में हिमाचल प्रदेश के 253 रन के जवाब में हरियाणा ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक पहली पारी में चार विकेट पर 178 रन बना लिए। टीम अभी 75 रन पीछे है। झज्जर निवासी विकेटकीपर बल्लेबाज यशवर्धन दलाल 69 रन बनाकर नाबाद हैं। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया।
रोहतक के लाहली स्थित चौधरी बंसीलाल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में हिमाचल प्रदेश ने पहले दिन सात विकेट पर 153 रन बनाए थे। दूसरे दिन टीम 253 रन पर ऑलआउट हो गई।
लक्ष्य के जवाब में उतरी हरियाणा की शुरुआत खराब रही। टीम ने महज 20 रन पर तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद यशवर्धन ने पारी को संभाला। उनके साथ अन्य बल्लेबाजों ने भी टीम का स्कोर आगे बढ़ाया और दिन का खेल समाप्त होने तक हरियाणा ने 178 रन बना लिए।