बहादुरगढ़। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के विधायक दल के नेता व डबवाली से विधायक आदित्य देवीलाल ने सोमवार को गांव आसौदा स्थित अनाज मंडी का दौरा कर किसानों की समस्याएं सुनीं। आसौदा में खेत जलकर नष्ट हुई गेहूं की फसल का मुआवजा देने की मांग शासन और प्रशासन से की।
गांव आसौदा में रविवार को लगभग 40 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल आग लगने से नष्ट हो गई थी। इस पर चिंता व्यक्त करते हुए आदित्य देवीलाल ने शासन एवं प्रशासन से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग की। मंडी की व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यहां भारी अनियमितताएं देखने को मिली हैं।
उन्होंने कहा कि मंडी में कोई ठोस सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। पेयजल की व्यवस्था नहीं है। न ही शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं हैं। इससे किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने आसोदा अनाज मंडी को स्थायी मंडी का दर्जा देने, बायोमीट्रिक सत्यापन की शर्त को तुरंत प्रभाव से समाप्त करने की मांग की। इस मौके पर भूपेंद्र सिंह राठी, शीला राठी, सतपाल पहलवान, रामनिवास सैनी, माया राठी, सीमा दलाल, धर्मबीर फौजी, जय सिंह गिधालिया, सोनू सैनी, मास्टर सुखबीर सरोहा, भूप सिंह परनाला, राजपाल खत्री, नरेंद्र राठी, सज्जन सैनी, महेंद्र सिंह राठी मौजूद रहे।