गोंडा में सीरबनकट गांव के मजरे जनाबनकट के रहने वाले 12 वर्षीय छात्र की प्रेम प्रसंग में बाधा बनने पर प्रेमी ने ही गला दबाकर हत्या की थी। इसका खुलासा करते हुए गुरुवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि शव को ठिकाने लगाने में आरोपी की मदद करने वाला उसका पिता फरार है। पुलिस प्रेमी के आरोपी पिता की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
थाना धानेपुर क्षेत्र के सीरबनकट गांव के मजरा जनाबनकट के रहने वाले राज कुमार सिंह का बेटा दीपक सिंह (12) क्षेत्र के बाल विद्या मंदिर परधायिनगंज चौथी का छात्र था। 21 अगस्त शाम वह खेत की रखवाली करने के लिए घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटा। 22 अगस्त को राज कुमार सिंह ने बेटे के अपहरण की रिपोर्ट थाना धानेपुर में दर्ज कराई थी।
इसी बीच 23 अगस्त की सुबह गांव के दक्षिण और विसुही नदी में धोबीघाट के पास उसका शव उतराता मिला था। इसके बाद राज कुमार सिंह ने बेटे के हत्या की रिपोर्ट थाना धानेपुर में दर्ज कराई। पुलिस ने तफ्तीश के दौरान प्रकाश में आए अमर वर्मा निवासी जनाबनकट को उठा लिया और पूछताछ की तो वह टूट गया। उसने बताया कि दीपक की बहन से उसका काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह 21 अगस्त की शाम दीपक की बहन से मिलने आया था। तभी दीपक ने अपनी बहन के साथ अमन को देखकर शोर मचाने लगा। इसलिए उसका गला दबाकर हत्या कर दी।
बताया कि शाम का समय होने से गांव के लोग न देख लें, इस डर से शव को दीपक के घर में तखत के नीचे छिपा दिया। इधर दीपक के पिता उसकी गांव में तलाश जुटे थे, तभी अमन ने अपने पिता मेवालाल वर्मा की मदद से शव को गांव के दक्षिण ओर विसुही नदी में फेंक दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि आरोपी अमन वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। मेेवालाल वर्मा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।