झज्जर। हरियाणा और बंगाल की टीम के बीच खेले गए वीनू मांकड़ ट्रॉफी के मैच में बंगाल की टीम ने वीजेडी मैथड से तीन विकेटों से जीत दर्ज की गई है।
मैच में आई बारिश के कारण बंगाल की टीम को 25 ओवरों में 170 रनों का लक्ष्य दिया गया। जिले के दो खिलाड़ियों गौरिश दहिया और सम्मी कादयान ने मैच में 85 रनों की साझेदारी की।
पुडुचेरी की सीएपी क्रिकेट ग्राउंड-2 में हरियाणा और बंगाल की टीम के बीच वीनू मांकड़ ट्राॅफी का मैच खेला गया। हरियाणा की टीम ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हरियाणा की टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में आठ विकेट पर 260 रन बनाए।
बहादुरगढ़ निवासी गौरिश दहिया ने 85 गेंदों में सात चौकों और पांच छक्कों की मदद से 90 रन बनाकर रन आउट हो गए। इसके अलावा बेरी निवासी सम्मी कादयान ने 65 गेंदों में छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से 61 रन बनाए। वहीं, गेंदबाजी में रोहित कुमार दास ने चार विकेट हासिल किए।
इसके बाद मैच में बारिश आ गई। इस दौरान मैच में बारिश के चलते 25 ओवरों का मैच निर्धारित किया गया, जिसमें बंगाल की टीम को 170 रन का लक्ष्य मिला। बंगाल की टीम ने 24.4 ओवरों में सात विकेट पर 170 रन बनाकर जीत दर्ज कर ली। इस दौरान बल्लेबाजी में कप्तान चंद्रहास दास ने 54 गेंदोंं में 51 रन बनाए। गेंदबाजी में सम्मी और विष्णु चौधरी ने दो-दो विकेट हासिल किए।
सक्षम शर्मा और गौरिश दहिया ने एक-एक कैच भी लपका। हरियाणा की टीम का अगला मैच 15 अक्तूबर को मध्य प्रदेश के साथ होगा।
13jjrp19- झज्जर। गौरिश दहिया