झज्जर। जिले के बहादुरगढ़ निवासी युवा क्रिकेटर गौरिश दहिया ने शानदार बल्लेबाजी से प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। गौरिश अब तक हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन (एचसीए) और बीसीसीआई की विभिन्न प्रतियोगिताओं में हरियाणा का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। 11 वर्षों से क्रिकेट का नियमित अभ्यास कर रहे गौरिश के पिता रामकुमार दहिया निजी व्यवसाय से जुड़े हैं जबकि माता रानी गृहिणी हैं। उनका सपना भारतीय क्रिकेट टीम के लिए खेलना है जिसके लिए वह लगातार मेहनत कर रहे हैं।
वर्ष 2025-26 में एचसीए की अंडर-19 अंतर जिला क्रिकेट प्रतियोगिता में गौरिश का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा। उन्होंने छह पारियों में 455 रन बनाकर प्रदेश के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज का गौरव हासिल किया। इस दौरान उन्होंने दो शतक, दो अर्धशतक, 26 चौके और 26 छक्के लगाए। उनका सर्वोच्च स्कोर 137 रन रहा।
अंडर-23 अंतर जिला प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन के बाद गौरिश का चयन बीसीसीआई की प्रतिष्ठित वीनू मांकड़ ट्रॉफी और कूच बिहार ट्रॉफी के लिए हरियाणा टीम में हुआ। वीनू मांकड़ ट्रॉफी में उन्होंने चार पारियों में 208 रन बनाए, जिसमें एक शतक, एक अर्धशतक, 16 चौके और सात छक्के शामिल रहे। हालांकि कूच बिहार ट्रॉफी में उनका प्रदर्शन अपेक्षाकृत साधारण रहा। फिलहाल गौरिश आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारी में जुटे हैं।