बहादुरगढ़। गांव मांडोठी से चार अप्रैल को लापता चालक राजेंद्र की चुकलाना नहर के किनारे गला दबाकर हत्या कर दी गई। 13 दिन बाद उसका शव बरामद हुआ है। रुपये की लेनदेन को लेकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना आसौदा में सात अप्रैल को राजेंद्र की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
जांच में पता चला कि पानीपत में चुलकाना के पास राजेंद्र की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को नहर में फेंक दिया गया था। राजेंद्र का शव मोहाना थाना क्षेत्र से बरामद किया गया। इस मामले में गिरफ्तार गांव मातन निवासी महिला पर रुपये के लेन-देन को लेकर अपने साथियों के साथ मिलकर राजेंद्र की हत्या करने का आरोप है।
राजेंद्र के भांजे चरखी दादरी के गांव चरखी निवासी नवीन सांगवान ने बताया कि राजेंद्र इको गाड़ी चलाते थे। उसकी पत्नी की 2021 में मौत हो चुकी है। उनको कोई संतान नहीं है। उन्होंने जमीन बेची थी और घर में अकेले रहते थे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सोनीपत के गांव जागसी निवासी सोनू, भौरा रसूलपुर निवासी सागर, जींद के बाघडू कलां निवासी रोहित उर्फ नीटू और झज्जर के गांव मातन निवासी महिला शामिल हैं। आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश किया गया जहां से पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
जांच में खुलासा हुआ कि महिला ने पहले राजेंद्र से करीब पांच लाख रुपये लिए थे। इसके बाद महिला और सोनू के बीच संपर्क हुआ। दोनों ने मिलकर राजेंद्र को रास्ते से हटाने की साजिश रची। चार अप्रैल को आरोपियों ने राजेंद्र को चुलकाना धाम ले जाने के बहाने बुलाया और चुलकाना नहर के पास ले जाकर गला घोंटकर हत्या कर दी। शव को नहर में फेंक दिया।
पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़कर जांच कर रही है। जांच अधिकारी सुरेंद्र ने बताया कि जांच में पता चला है कि वारदात के बाद मृतक के बैंक खाते से पैसे निकाले जा रहे थे। बैंक के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पैसे निकालने वाला और गाड़ी दोनों कैमरों में कैद हो गई।
इसके आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि महिला की राजेंद्र से जान-पहचान थी, जिसका उसने फायदा उठाया। हत्या के बाद राजेंद्र का मोबाइल और अन्य सामान लेकर शव को नहर में फेंक दिया। इसके बाद मोबाइल के जरिए उसके बैंक खाते से पैसे निकाले जाते रहे।