ताखा। सरसईनावर बरौना मार्ग पर बुधवार शाम बाइक से घर जा रहे पूर्व प्रधान व सपा नेता पर चार हमलावरों ने घात लगाकर हमला किया गया। वहीं, पूर्व प्रधान सीने में चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर परिजनों ने उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
नगला भगे निवासी अनिरुद्ध यादव कुईता ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान है। बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे रोजाना की तरह बाइक से भरथना अपने घर जा रहे थे। वह जब खरगपुर सरैया गांव से करीब 200 मीटर पहुंचे थे। तभी सड़क पर खड़ी एक कार से उतरे चार लोगों ने उन्हें रोक लिया। अनिरुद्ध यादव ने बताया कि वह कुछ समझ पाते। इससे पहले ही कार सवार लोगों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में एक चाकू सीधे उनके सीने पर लगा, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े।
हमलावर मरणासन्न हालत में छोड़कर मौके से भाग गए। घायल स्थिति में अनिरुद्ध ने किसी तरह गांव में सूचना भेजी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और उन्हें थाने ले आए। पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है। पूर्व प्रधान ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष बलराज भाटी ने बताया कि पूर्व प्रधान ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी है। घटना के आसपास के सीसीटीवी कैमरे दिखवाए जा रहे हैं। जल्द ही हमलावरों को पकड़कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।