झज्जर। शहर के यादव धर्मशाला के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर कथित तौर पर मिलावटी पेट्रोल की वीडियो वायरल होने के बाद खाद्य आपूर्ति विभाग हरकत में आया। विभाग की टीम ने सोमवार को पेट्रोल पंप पर पहुंचकर पेट्रोल के सैंपल लिए और उन्हें जांच के लिए नोएडा स्थित लैब में भेज दिया।
जिला खाद्य आपूर्ति विभाग से सप्लाई इंचार्ज धर्मवीर सिंह ने बताया कि करीबन एक सप्ताह पहले विभाग में पेट्रोल पंप की शिकायत आई थी। शिकायत मिलने के बाद डीएफएससी आदित्य कौशिक के निर्देशानुसार नियमानुसार कार्रवाई की गई है। टीम ने पेट्रोल पंप से चार बोतल सैंपल लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है।
करीबन सप्ताह भर पहले इस पेट्रोल पंप से मिलावटी पेट्रोल की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। वीडियो वायरल होने के साथ शिकायत भी विभाग तक पहुंची, जिसके बाद विभाग ने मामले का संज्ञान लेते हुए सैंपलिंग की। उन्होंने बताया कि लैब की रिपोर्ट आने में करीब दो से तीन महीने का समय लग सकता है।
खाद्य आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर धर्मवीर ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद टीम ने पेट्रोल पंप से चार बोतल सैंपल लिए हैं। इन सैंपलों को जांच के लिए नोएडा स्थित लैब में भेज दिया गया है। लैब रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि पेट्रोल मानकों पर खरा उतरता है या नहीं।