संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। गांव सौलधा में अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण के दो ठिकानों पर सोमवार रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की थी। यहां पर सीआईए-2 बहादुरगढ़ और थाना सदर की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर करीब दो करोड़ रुपये का पटाखा और निर्माण सामग्री बरामद की है। दोनों ठिकानों से 874 पेटियों में रखे 1,73,000 अनार बम मिले हैं।
बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सोमवार को इसकी कीमत 30 लाख तक आंकी गई थी।
डीसीपी क्राइम शुभम सिंह के निर्देशन में सीआईए-2 में तैनात उप निरीक्षक पुनीत कुमार की टीम और थाना सदर बहादुरगढ़ की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। सीआईए प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सौलधा गांव में बिना लाइसेंस और परमिट के पटाखों का निर्माण, भंडारण और बिक्री की जा रही है। इसके बाद टीमों ने दोनों ठिकानों पर छापेमारी की।
पहले ठिकाने से 19 हजार अनार बम बरामद
पुलिस के मुताबिक पहले गोदाम से 95 पेटियां बरामद हुई। इनमें 19 हजार पायरो अनार बम रखे थे। इसके अलावा फैविकोल के छह ड्रम, पटाखे बनाने का कच्चा माल, पैकिंग सामग्री और बिना नंबर प्लेट की एक ई-रिक्शा भी मिली।
दूसरे गोदाम में मिलीं तीन मशीनें
दूसरे गोदाम से 770 पेटियों में रखे 1,54,000 पायरो अनार बम बरामद किए गए। यहां से रसायन से भरे 30 ड्रम, 20 खाली ड्रम और पटाखे बनाने वाली तीन मशीनें भी मिलीं। पुलिस ने दोनों स्थानों से कुल 874 पेटियां और 1.73 लाख अनार बम बरामद किए हैं।
पांच आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे
पुलिस ने मामले में श्यामजी गुप्ता, प्रियांशु उर्फ लाला, शिवम यादव, अंकित कुमार यादव और राहुल को गिरफ्तार किया है। मामले में आगामी कार्रवाई उप निरीक्षक पवनवीर ने की। जांच अधिकारी ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सोलधा गांव में दो फैक्टरियों और एक गोदाम से 874 पेटियों में रखे 1,73,000 अनार बम मिले हैं। बरामद माल की कीमत करीब दो करोड़ रुपये है। मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया गया जहां उन्हें जेल भेज दिया गया।
शुभम सिंह, डीसीपी, बहादुरगढ़।