बहादुरगढ़। रोहतक-दिल्ली रोड पर गौरैया टूरिस्ट कांप्लेक्स के साथ स्थित रतन टाटा सिटी फोरेस्ट में शनिवार सुबह अज्ञात कारणों से आग लग गई। इससे घटना से छोटे पौधों और पेड़ों को नुकसान पहुंचा है। आग की चपेट में आने से झाड़ियों में रहने वाले परिंदे भी नहीं बच सके।
आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोग पहुंचे। आरोप है कि कई बार कॉल करने के बाद भी दमकल विभाग की टीम समय पर नहीं पहुंची। लोगों ने पानी का इंतजाम कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और काफी हद तक आग पर काबू पाया। बाद में दमकल विभाग की टीम ने पहुंची।
पार्क की दीवार टूटने के कारण उस हिस्से में लोग कचरा डालते हैं जिससे हालात बदतर हो गए हैं। इसी कचरे में किसी ने आग लगाई या लापरवाही से आग भड़क उठी जो धीरे-धीरे फैलकर पूरे क्षेत्र में फैल गई।
पर्यावरण प्रेमियों ने आम लोगों से अपील की है कि वे पार्क में कचरा डालना बंद करें। प्रशासन से नियमित सफाई, दीवार की मरम्मत और गंदगी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।