झज्जर। ढाकला गांव में वीरवार शाम को हुई हत्या मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। इस मामले में पुलिस ने अलग-अलग 6 टीमें लगाई हैं। इसमें क्राइम यूनिट, सदर थाना झज्जर, सीआईए, स्पेशल स्टॉफ की टीमें शामिल हैं। सभी टीमें आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग जगहों पर छापामारी कर रही है।
वहीं गोलीकांड का शिकार हुए बलराम का शुक्रवार को रोहतक पीजीआई में पोस्टमार्टम पुलिस ने करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। गांव में शाम को शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। घायल विकास का बहादुरगढ़ के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतक बलराम अविवाहित थे। परिवार में एक भाई और मां है।
घटना के बाद से परिवार में गम और डर का माहौल बना हुआ है। मृतक बलराम वकील का मुंशी थे। पोस्टमार्टम में सामने आया है कि मृतक बलराम के सिर पर दो गोली लगी है।
इस मामले में एक संदिग्ध स्कार्पियो गाड़ी भी पुलिस ने गांव से बरामद की है। बताया जा रहा है कि आरोपी इसी गाड़ी में आए थे, लेकिन आगे गली तंग होने के कारण आरोपियों ने गाड़ी को विकास के घर से पहले ही छोड़ दिया और बाइक पर सवार होकर आए। वहीं, इस मामले में एक सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो रही है, जिसमें आरोपी पैदल आते दिख रहे हैं। आरोपियों ने पहले रेकी भी की थी इसके बाद वारदात को अंजाम दिया था।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले
पुलिस इस मामले में आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। कुछ फुटेज पुलिस के हाथ भी लगी है, जिसमें आरोपी पैदल जाते भी नजर आ रहे हैं।
पड़ोसी था मृतक बलराम
मृतक के जीजा विकास ने बताया कि इस वारदात से बलराम या उनके परिवार का कोई लेना देना नहीं है। विकास गांव में पड़ोसी है और पड़ोसी में होने के चलते बलराम वीरवार शाम को विकास के पास हुक्का पीने चला गया था। इसी दौरान बाइक सवारों ने घटना को अंजाम दिया।
वर्जन
ढाकला मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
धारण यादव, डीसीपी
13jjrp24- मृतक बलराम का फाइल फोटो- फोटो : सांकेतिक