जल निगम जल संस्थान मजदूर यूनियन की बैठक में 343 फील्ड कर्मचारियों को विभागीय ढांचे में शामिल करने समेत लंबित मांगों के समाधान की मांग उठाई गई। संगठन ने 15 जुलाई से प्रबंध निदेशक पेयजल निगम देहरादून के कार्यालय प्रांगण में धरना शुरू करने का एलान किया है।
वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से फील्ड कर्मचारी आंदोलित हैं। 343 कर्मचारियों को विभागीय ढांचे में शामिल नहीं किया गया है। फील्ड कर्मचारियों के वेतनमान संशोधन, ग्रेड वेतन दो हजार के से बढ़ाकर 2400 करने, 2006 से एरियर का भुगतान करने की मांगें लंबित हैं। फील्ड कर्मचारियों की सेवा नियमावली भी नहीं बनी है।
अध्यक्षता करते हुए पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष देवेंद्र सिंह फर्त्याल ने कहा कि संगठन लंबे समय से कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग कर रहा है, लेकिन शासन-प्रशासन मांगों पर कार्रवाई नहीं कर रहा है। यदि जल्द मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। बैठक में अध्यक्ष हरीश सनवाल, देवीदत्त जोशी, पान सिंह नेगी, कमला चौधरी, तारा सिंह सलाल, जीवन जोशी, राजू बिष्ट, कृपाल तिवारी आदि मौजूद थे।