धनतेरस (18 अक्तूबर) से दीपोत्सव का शुभारंभ हो जाएगा। इन त्योहारों का सिलसिला कार्तिक पूर्णिमा तक रहेगा। इसके लिए घर-घर तेजी से तैयारियां चल रही हैं। बाजारों में भी रौनक छाई हुई है। त्योहार लोगों के चेहरों पर खुशियों की चमक लाएंगे। उत्सवों के आनंद में सभी लोग विभोर होंगे।
धनतेरस 18 अक्तूबर को मनाया जाएगा। भगवान धनवंतरि की पूजा आराधना की जाएगी। परंपरा के अनुसार, लोग धनतेरस पर सोना, चांदी, बर्तन, वाहन एवं अन्य नई वस्तुओं की खरीदारी करेंगे, जो शुभ मानी जाती है। इसके साथ दीपोत्सव भी शुरू हो जाएगा।
नरक चतुर्दशी पर यम दीप
19 अक्तूबर को नरक चतुर्दशी मनाई जाएगी। इसे छोटी दीपावली भी कहा जाता है। घरों और चौराहों पर यम दीप जलाने की परंपरा है। परिवार की लंबी आयु एवं खुशहाली की कामना की जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन भगवान कृष्ण ने नरकासुर राक्षस का वध किया था।
20 को मनेगी दीपावली
दीपावली 20 अक्तूबर को मनाई जाएगी। शुभ मुहूर्त में घर-घर और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भगवान गणेश, लक्ष्मी जी की पूजा होगी। श्रद्धालु कुबेर जी की भी पूजा करेंगे। दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे और भगवान श्रीराम के अयोध्या वापिस आने की खुशियां मनाएंगे। महंत मार्तंड स्वामी के अनुसार, त्योहार पर हस्त नक्षत्र रात्रि 8:15 बजे तक, इसके पश्चात चित्रा नक्षत्र रहेगा।
गोवर्धन पूजा
कार्तिक शुक्ल पक्ष प्रतिपदा 22 अक्तूबर को गोवर्धन पूजा होगी। अन्नकूट पर मंदिरों और घरों में भक्ति भाव से भगवान गोवर्धन को मौसमी सब्जी, खील, बताशा आदि अर्पित किए जाएंगे। गोवर्धन भगवान को मनमोहक सजाया जाएगा। मधुर भजन कीर्तन होंगे।
बहनें करेंगी भाइयों का तिलक
कार्तिक शुक्ल पक्ष द्वितीया को भाईदूज पर्व मनाया जाएगा। इस दिन बहनें अपने भाइयों की लंबी आयु एवं सुख समृद्धि की कामना के साथ तिलक करेंगी। भाई बहनों को उपहार देंगे। धार्मिक मान्यता है कि भाईदूज पर्व पर यमुना नदी में भाई और बहन के स्नान करने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। यह पर्व 23 अक्तूबर को मनाया जाएगा।
छठ पूजा पर होगी सूर्यदेव की आराधना
सूर्य षष्ठी व्रत पर्व (डाला छठ) श्रद्धा एवं उल्लास से मनाया जाएगा। पूर्वांचल सांस्कृतिक कुटुंब के संयोजक शैलेश राय के अनुसार, सूर्य षष्ठी व्रत एवं पूजा 25 अक्तूबर से शुरू है, समापन 28 को होगा।
गोपाष्टमी पर होगी गौ माता की पूजा
गोपाष्टमी 29 अक्तूबर को मनाई जाएगी। त्योहार पर लोग अपनी गायों को सजाते एवं संवारते हैं और उनकी पूजा करते हैं। कार्तिक स्नान करने वाली महिला श्रद्धालु भी गोमाता की पूजा करती हैं।
आंवले के वृक्ष की होगी पूजा : आंवला नवमी 30 अक्तूबर को मनाई जाएगी। श्रद्धालु आंवले के पेड़ की पूजा करते हैं। यह त्योहार पर्यावरण संरक्षण जागरुकता का संदेश देता है। महिलाएं आंवले के पेड़ की परिक्रमा करती हैं। भजन कीर्तन सहित अन्य धार्मिक आयोजन होते हैं।
मांगलिक कार्यक्रम होंगे शुरू
देवउठनी एकादशी पर घरों में गन्ना के मंडप सजाकर भगवान श्री विष्णु का जागरण किया जाएगा। इसके साथ ही करीब पिछले चार माह से थमे पडे़ मांगलिक कार्यक्रम फिर से शुरू हो जाएंगे। पर्व पर भगवान शालिगराम जी एवं तुलसी जू के विवाह के आयोजन होंगे। आचार्य सुबोध शास्त्री के अनुसार, देवउठनी एकादशी पर चातुर्मास का समापन होगा।
देव दीपावली 4 को
बैकुंठी चतुर्दशी का पर्व चार नवंबर को मनाया जाएगा। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन देवता दीपावली मनाते हैं। ऐसे में इसे देव दीपावली कहा जाता है। वहीं, श्रद्धालु मंदिरों और घरों में दीप प्रज्ज्वलित करते हैं। भगवान विष्णु एवं भगवान शिव के मंदिरों में भव्य धार्मिक आयोजन होते हैं।
कार्तिक पूर्णिमा पांच को
कार्तिक पूर्णिमा का पर्व पांच नवंबर को श्रद्धा से मनाया जाएगा। धार्मिक मान्यता है कि जो महिला श्रद्धालु कार्तिक माह का व्रत रखती हैं, वह इस दिन भगवान श्रीकृष्ण की पूजा आराधना कर व्रत का परायण करती हैं। ज्योतिषविद रजनी दीक्षित के अनुसार, इस दिन पवित्र नदियों में स्नान, दीपदान एवं दान का विशेष महत्व है। अक्षय पुण्य फल की प्राप्ति होती है।