बादली। कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे 30 नवंबर तक अगेती गेहूं की बुवाई का काम पूरा कर लें। समय पर बुवाई करने से फसल को उचित तापमान और नमी मिलती है, जिससे अंकुरण अच्छा होता है और पैदावार भी बेहतर मिलती है। विभाग के अनुसार, देरी से बुवाई करने पर फसल की बढ़वार प्रभावित होती है और उत्पादन में कमी आ सकती है।
कृषि विभाग के एसडीओ सुनील कौशिक ने दरियापुर और जहांगीरपुर गांव में किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसान बीज उपचार के बाद ही गेहूं की बुवाई करें। बीज उपचार करने से फसल कई तरह की बीमारियों से बची रहती है। उपचारित बीज में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ जाती है, जिससे पौधा शुरू से ही स्वस्थ रहता है और बाद में दवाओं पर खर्च भी कम होता है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी कारणवश किसान 30 नवंबर तक बुवाई नहीं कर पाता है तो उसे घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसे किसान को गेहूं की पछेती किस्मों का इस्तेमाल करना चाहिए। पछेती किस्में कम समय में पककर तैयार हो जाती हैं और देरी से बुवाई में भी अच्छी पैदावार देती हैं। एसडीओ ने बताया कि तराई के क्षेत्र के लिए किसान पीबीडब्ल्यू-376 और राज-3765 किस्मों का इस्तेमाल करें।
ये किस्में उस क्षेत्र की मिट्टी और मौसम के अनुकूल हैं। इसके अलावा जहां पानी की कमी है, वहां के किसान पीबीडब्ल्यू-16 किस्म का इस्तेमाल करें। इस किस्म को कम पानी में भी अच्छी पैदावार के लिए जाना जाता है। उन्होंने किसानों से अपील की कि बुवाई से पहले खेत की अच्छी तरह तैयारी करें, प्रमाणित बीज का ही इस्तेमाल करें और विभाग द्वारा दी गई सलाह का पालन करें। सही किस्म, सही समय और सही विधि से बुवाई करने पर ही किसान को मेहनत का पूरा लाभ मिलेगा।
फोटो 72: गेहूं बुवाई के लिए खेत को तैयार करता गुभाना गांव का एक किसान कुलदीप।(संवाद)