फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डीसी से मिले किसान, अब कमिश्नर के सामने रखेंगे मुआवजे का मुद्दा

विज्ञापन
फोटो 26जेएनडी11-मुआवजे की मांग को लेकर डीसी से मिलने पहुंचे किसान। संवाद
विज्ञापन
जींद। सिवानी से जींद तक बिछाई जा रही 400 केवी डबल सर्किट (क्वाड) ट्रांसमिशन लाइन के मुआवजे को लेकर किसानों और प्रशासन के बीच विवाद गहराता जा रहा है। किसान सड़क के साथ लगती जमीन का सात करोड़ और सड़क से दूर की जमीन का पांच करोड़ रुपये प्रति एकड़ मुआवजा मांग रहे हैं। वीरवार को किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने डीसी डॉ. वैशाली शर्मा से मुलाकात की। डीसी ने उन्हें हिसार के कमिश्नर के समक्ष अपनी बात रखने की सलाह दी है। किसान शनिवार को कमिश्नर से मिलेंगे।
विज्ञापन


दरियावाला से कोथ कलां रोड पर किसानों का धरना जारी है। ढांडाखेड़ी गांव में भी किसान तीन दिन से लाइन बिछाने के काम का विरोध कर रहे हैं।

किसान अजमेर सिंह, संदीप ढुल, रामकुमार और सतबीर ने कहा कि मुआवजा उनकी मांग के अनुसार ही दिया जाना चाहिए। नौगामा खाप के प्रधान जयबीर लोहान ने कहा कि किसान पहले कमिश्नर के सामने अपनी मांग रखेंगे। समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज करने के लिए प्रदेशभर के किसानों को बुलावा भेजा जाएगा। मांग पूरी नहीं होने पर किसान आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। कमिश्नर से मुलाकात के बाद किसान ट्रांसमिशन लाइन का काम रुकवाने को लेकर भी फैसला लेंगे।

भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान बिंदर नंबरदार ने कहा कि हिसार जिले में किसानों को एक करोड़ 26 लाख रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा दिया जा रहा है, जबकि जींद में यह राशि 50 लाख रुपये प्रति एकड़ बताई जा रही है। उनका कहना है कि जींद एनसीआर में होने के बावजूद यहां कम मुआवजा दिया जा रहा है। किसानों ने इसे अपने साथ भेदभाव बताया है।
विज्ञापन


कई गांवों से गुजर रही है ट्रांसमिशन लाइन

भिवानी के सिवानी से जींद के खटकड़ पावर ग्रिड तक करीब 94 किलोमीटर लंबी 400 केवी हाई-वोल्टेज ट्रांसमिशन लाइन बिछाई जा रही है। इस पर कुल 270 टावर लगाए जाने हैं। हिसार जिले में हांसी तक काम लगभग पूरा हो चुका है। जींद जिले के ढांडाखेड़ी, जाजवान, दरियावाला, बरसोला और खटकड़ गांवों में 26 टावर लगाए जाने हैं। एक टावर के लिए करीब 50 गुणा 50 वर्ग फीट जगह की जरूरत होती है।

इस परियोजना का निर्माण पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड कर रहा है। इसकी शुरुआत नवंबर 2024 में हुई थी और इसे मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। खटकड़ में पहले से 220 केवी का पावर ग्रिड है। नई ट्रांसमिशन लाइन से इसकी क्षमता बढ़ाने और जिले में बिजली आपूर्ति को मजबूत करने की योजना है।

स्थायी अधिग्रहण नहीं, राइट ऑफ वे के तहत लग रहे टावर

ट्रांसमिशन लाइन के लिए बिजली अधिनियम-2003 और भारतीय टेलीग्राफ अधिनियम के प्रावधानों के तहत टावर लगाए जाते हैं। सामान्य तौर पर इसके लिए जमीन का मालिकाना हक किसान के पास ही रहता है और कंपनी को राइट ऑफ वे के तहत टावर लगाने व तार खींचने का अधिकार मिलता है। हालांकि, जमीन के उपयोग और फसलों या अन्य नुकसान के मुआवजे को लेकर किसानों की आपत्तियां हैं।

आपत्ति होने पर अपील करें

एडीसी प्रदीप कुमार ने बताया कि किसानों ने प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात की थी। मुआवजे को लेकर आपत्ति होने पर वे कमिश्नर के पास अपील कर सकते हैं। किसानों का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को हिसार में कमिश्नर से मिलेगा। फिलहाल जिले में पूरी तरह शांति है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें