नकली घी और पनीर बनाने वाली अवैध फैक्टरी का भंडाफोड़
छतारी। खाद्य विभाग और पुलिस ने बुधवार को छतारी क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में छापा मारकर नकली घी और पनीर बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। मौके से लगभग सात क्विंटल नकली घी और पनीर, 30 लीटर नकली दूध, सात लीटर रिफाइंड, यूरिया और उपकरण बरामद किए गए हैं। दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
क्षेत्राधिकारी डिबाई वंदना शर्मा ने बताया कि लंबे समय से गांवों में चोरी छिपकर नकली घी और पनीर तैयार करने की शिकायतें मिल रही थीं। बुधवार दोपहर जानकारी मिली कि छतारी स्थित मोहम्मदपुर गांव में नकली घी बनाने का कारोबार चल रहा है। इसके बाद खाद्य विभाग की टीम के साथ पुलिस ने वहां छापा मारा। एक घर के अंदर बड़े-बड़े ड्रम में घी, पनीर और खराब दूध मिला। सभी सामग्री में फंगस लग रहा था। खाद्य विभाग ने प्रारंभिक जांच में सभी सामग्री को नकली बताया। आरोपी दानवीर और उसके बेटे गौरव ने पूछताछ में बताया कि वह रिफाइंड और यूरिया के साथ मिलाकर घी तैयार करते थे। मौके से प्राप्त सामग्री को जब्त कर सैंपल जांच के लिए भेज दिया गया है।
ऐसे बनाते थे नकली घी और पनीर
आरोपियों ने बताया कि रिफाइंड और यूरिया के मिश्रण को गरम करने के बाद उसका नकली घी तैयार करते थे। सफेद पाउडर को पानी में मिलाकर नकली दूध तैयार कर दिया जाता था, उसमें थोड़ा यूरिया भी मिलाया जाता था। इसके बाद पनीर तैयार किया जाता है।
बुलंदशहर-अलीगढ़ के गांवों में करते थे सप्लाई
आरोपी नकली घी और पनीर को बुलंदशहर व अलीगढ़ जिलों के गांवों में सप्लाई करते थे। छोटी-छोटी दुकानों पर सस्ते दामों पर दी जाती थी। ग्रामीणों के अनुसार करीब तीन साल से आरोपी कारोबार कर रहे थे। बीच में फैक्टरी बंद हो गई थी, लेकिन दोबारा फिर शुरू कर दी गई।
लाइसेंस के लिए किया था आवेदन
आरोपियों के पास खाद्य सामग्री तैयार करने का कोई लाइसेंस नहीं था। पूछताछ ने आरोपी दानवीर ने बताया कि करीब सात माह पहले लाइसेंस के लिए आवेदन किया था, अभी तक बन कर नहीं आया।
आरोपियों के पास खाद्य सामग्री बनाने का लाइसेंस नहीं मिला। मौके से नकली घी और पनीर बनाने की सामग्री मिली है। संबंधित धाराओं में दानवीर और उसके बेटे गौरव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
- वंदना शर्मा, क्षेत्राधिकारी डिबाई