बेरी। खेड़ी खुम्मार-झज्जर मार्ग पर ट्रैक्टर की चपेट में आने से स्कूटी सवार पूर्व सैनिक सतीश की मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया जिससे पीछे से आ रहा स्कूटी सवार ट्रैक्टर से टकरा गया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
आर्य नगर झज्जर निवासी सतीश (52) दो साल पहले सेना से रिटायर हुए थे। पुलिस को दी शिकायत में आर्य नगर झज्जर निवासी जतिन ने बताया कि उसके पिता सतीश स्कूटी लेकर अपने पैतृक गांव सफीपुर में गए हुए थे।
सफीपुर से वापस झज्जर आ रहे थे तो गांव खेड़ी खुम्मार के पास आगे चल रहे ट्रैक्टर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया जिससे उनके पिता की स्कूटी ट्रैक्टर में जा घुसी। हादसे में स्कूटी सवार पूर्व सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की मदद से घायल स्कूटी सवार को उपचार के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल भर्ती करवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच अधिकारी दीपक ने बताया कि ट्रैक्टर ने अचानक ब्रेक लगाने से स्कूटी सवार पूर्व सैनिक की मौत होने की सूचना मिली थी। मृतक के बेटे के बयान पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई हैं। झज्जर के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।