गेल कंपनी की अंडर ग्राउंड गैस पाइपलाइन का हवाई निरीक्षण कर रहे एक हेलीकाप्टर ने आसोदा स्थित एचआइटी में इमरजेंसी सेफ लैंडिंग की। अचानक मौसम खराब होने और बरसात के दौरान पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए संस्थान के ग्राउंड में हेलीकाप्टर उतार दिया। इसे देख वहां मौजूद हर कोई चकित रह गया। पुलिस अधिकारियों को जब इमरजेंसी लैंडिंग का पता चला तो सुरक्षा की दृष्टि से वे तुरंत मौके पर पहुंचे।
बताया गया है कि गेल कंपनी का एक हेलीकाप्टर जिसमें तीन सदस्य सवार थे। पायलट कैप्टन सुमिता और पीजे सिंह के अलावा एक अन्य अधिकारी बैठा हुआ था। हेलीकाप्टर से बहादुरगढ़ क्षेत्र के आसपास से गुजर रही अंडर ग्राउंड गैस पाइप लाइन का हवाई निरीक्षण किया जा रहा था। अनुमान है कि यह निरीक्षण इसलिए किया जा रहा था कि कहीं पाइप लाइन में सेंध लगाकर चोरी तो नहीं की जा रही।
बुधवार डेढ़ बजे के आसपास मौसम खराब हुआ तो पायलट ने आसमान में पहले चक्कर लगाते हुए सुरक्षित जगह ढूंढने का काम किया। जब स्थिति खराब होती दिखी तो उन्होंने जोखिम के चलते हरियाणा इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी के ग्राउंड में सेफ लैंडिंग करा दी। हेलीकाप्टर की लैंडिंग को लेकर जब पुलिस अधिकारियों को पता चला तो डीएसपी धीरज कुमार, थाना सदर एसएचओ रणधीर सिंह, आसोदा चौकी इंचार्ज अमित कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बरसात के बाद जैसे ही मौसम साफ हुआ तो हेलीकाप्टर ने दिल्ली के सफदरजंग के लिए उड़ान भरी। लगभग एक घंटे तक हैलीकाप्टर एचआइटी परिसर में ही खड़ा रहा। उसे देखने वालों की खूब भीड़ लगी रही।
सेल्फी से नहीं चूके
आसमान में चक्कर लगाता हुआ जब एक हेलीकाप्टर अचानक शिक्षण संस्थान में उतरा तो उसे देखकर हर कोई दंग रह गया। यहां पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं दूर से ही हैलीकाप्टर को अपने मोबाइल में क्लाज करके उसके साथ सेल्फी लेने से नहीं चूके। हालांकि कुछ ही पल में पुलिस भी यहां पहुंच गई। पुलिस ने किसी को भी सुरक्षा की दृष्टि से हेलीकाप्टर के नजदीक नहीं जाने दिया।