भारत-आस्ट्रेलिया मैच की जीत का जश्न सेक्टर-66 एक परिवार को भारी पड़ गया। आतिशबाजी से डरकर शैबी भाग गया।
परिवार पूरी रात शैबी की तलाश में घूमता रहा। लेकिन, अभी तक उसका सुराग नहीं लगा है। हारकर कुत्ते के मालिक ने फेज-11 थाने की पुलिस को सूचना दी। वहीं, शहर की विभिन्न जगहों पोस्टर लगाकर लोगों से कुत्ते की तलाश में सहयोग देने की अपील की है।
जानकारी के मुताबिक, कुत्ते के मालिक लाड्डी ने बताया कि रविवार रात उनकी गली में एलसीडी लगाकर भारत-आस्ट्रेलिया का मैच देखा जा रहा था। जैसे ही इंडिया की जीत हुई। इलाके के लोगों ने पटाखे फोड़ने शुरू कर दिए। इसी बीच उनका कुत्ता शैबी लोहे की चेन तोड़कर भाग गया। जैसे ही पता चला तो उन्होंने कुत्ते की तलाश शुरू कर दी। पूरा परिवार व इलाके के लोग रातभर कुत्ते को तलाशते रहे। लेकिन, उसका कोई सुराग नहीं लगा। उन्होंने बताया कि उन्होंने बड़े ही प्यार से कुत्ते को रखा हुआ था। जब से कुत्ता गायब हुआ तब से परिवार वाले डिप्रेशन में आ गए हैं। बच्चे खाना तक नहीं खा रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी कुत्ते के संबंध में जानकारी शेयर की है। साथ ही लोगों से अपील की है कि कुत्ते के बारे में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत उन्हें सूचित करें।