चारों पुलिस अधीक्षकों के साथ डीआईजी मनोज तिवारी।
- फोटो : अमर उजाला
चित्रकूटधाम के पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज तिवारी ने पुलिस अधीक्षकों से कहा कि थानाध्यक्षों के तबादले बहुत कम अंतराल में न करें। उन्हें लंबे समय तक थानों में तैनात रखें, ताकि वे क्षेत्र को समझ सकें। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में 6 से 8 मार्च तक महिलाओं की समस्याओं के बारे में उत्कृष्ट करने वाली महिला उप निरीक्षक और कांस्टेबल को पुरस्कृत किया जाएगा।
सोमवार को कैंप कार्यालय में चारों जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ अपराध एवं कानून व्यवस्था की मासिक समीक्षा बैठक में डीआईजी ने प्रीडेक्टिव पुलिसिंग पर जोर दिया। रंगदारी मांगने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों से कहा कि रात में खुद भी गश्त करें। खबरदार किया कि अवैध खनन या बालू के ट्रकों आदि से अवैध वसूली हरगिज न होनी चाहिए। कहा कि 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस है। पुलिस महानिदेशक ने निर्देश दिए हैं कि 6 से 8 मार्च तक तीन दिवसीय कार्यक्रम हों और महिलाओं से संबंधित समस्याओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला पुलिस कर्मियों को पुरस्कृत किया जाए।
जमीनों के विवाद का निस्तारण श्रावस्ती मॉडल के तहत करने को कहा। डीआईजी ने पुलिस अधीक्षकों को शासन, डीजीपी, एडीजी आदि से मिले निर्देशों आदि के बारे में अवगत कराया और इनका शत-प्रतिशत अनुपालन करने को कहा। बैठक में पुलिस अधीक्षक शालिनी (बांदा), प्रताप गोपेंद्र (चित्रकूट) व दिनेश कुमार पी (हमीरपुर) और महोबा के एएसपी वंशराज यादव शामिल रहे। बैठक संबंधी जानकारी डीआईजी के पीआरओ केपी दुबे ने दी।