झज्जर। खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी सुमित बैनीवाल ने कहा कि हरियाणा में पंचायती राज दिवस का महत्व और भी बढ़ जाता है। राज्य ने पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। लोकतंत्र ने ग्राम पंचायत से लेकर संसद तक महिलाओं को अधिकार दिए हैं। उन्होंने ये बातें शुक्रवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से पीएनबी के ग्रामीण स्वरोजगार केंद्र में आयोजित अपराजिता कार्यक्रम में कहीं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा एक ऐसा राज्य है जिसने पंचायतों में न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता अनिवार्य की है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रतिनिधि सरकारी योजनाओं और बजट को बेहतर ढंग से समझ सकें और लागू कर सकें।
उन्होंने कहा कि सरकार ने पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण लागू किया है। ग्राम पंचायत में सभी काम प्रस्ताव पारित करके होते हैं। इसके लिए ग्राम सभाएं आयोजित की जाती हैं, जिसमें महिलाएं भाग लेती हैं।
इन ग्राम सभाओं में गांव के विकास कार्यों को लेकर चर्चा की जाती है और सर्वसम्मति कराकर उन कार्यों को कराया जाता है।पंचायत में तीन स्तर होते हैं, जिसमें ग्राम पंचायत, ब्लाक और जिला परिषद शामिल हैं, लेकिन तीनों ही स्तर पर काम गांवों के ही होते हैं।
यदि ग्राम पंचायत के अधीन कोई काम नहीं हो सकता तो वह प्रस्ताव पारित कर सरकार को भेज सकती है। बिना ग्राम पंचायत की अनुमति के कोई काम नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा कि जिले ही नहीं बल्कि प्रदेश की ग्राम पंचायत की मुखिया आज महिलाएं हैं और वह बहुत अच्छे काम कर रही हैं। बाकी महिलाओं को भी आगे आना चाहिए और अपने ग्रामीण व शहरी क्षेत्र का विकास में योगदान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आप सभी आगे चलकर किसी न किसी फील्ड का चुनाव करेंगी ताकि आपका भविष्य बन सके। इसलिए महिलाओं घर के साथ-साथ नौकरी, स्वरोजगार में आगे आना चाहिए।
इससे वह खुद अपने पैरों पर खड़ी हो सकती हैं। बीडीपीओ सुमित ने महिलाओं व युवतियों से एचपीवी वैक्सीन के लिए भी आसपास जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किशोरियों को सवाइकल कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। इस अवसर पर संस्थान के आशीष कुमार मौजूद रहे।
चुनौतियों के बाद भी आगे बढ़ना हिम्मत : किरण
ट्रेनर किरण ने कहा कि महिलाओं को हर मार्ग पर चुनौतियों का सामना करना पड़ता है लेकिन इन चुनौतियों से पार पाकर आगे बढ़ना ही सबसे बड़ी हिम्मत का सबूत है। महिलाओं ने हर फील्ड में ऐसा किया है। पढ़ाई से लेकर जहाज चलाने तक हर काम महिलाएं कर रही हैं। इसलिए हिम्मत दिखाते हुए आगे बढ़ें।
24jjrp10- अमर उजाला की तरफ से आयोजित अपराजित कार्यक्रम को संबोधित करते बीडीपीओ सुमित बैनीवाल।