-फोटो 83 : मातन गांव में जनसंपर्क अभियान के तहत किसानों को महापंचायत का दिया न्योता देते संगठन
बहादुरगढ़। ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन की ओर से सोमवार को मातन गांव में जनसंपर्क अभियान चलाया गया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर पर्चे वितरित किए और किसानों को 26 अक्तूबर को नांदल भवन, बोहर में होने वाली महापंचायत में शामिल होने का न्योता दिया।
इस दौरान संगठन के प्रदेश सचिव जयकरण मांडौठी और जिला कमेटी सदस्य रामकिशन ने किसानों से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने बाजरे की खरीद के लिए भरपाई योजना लागू करने की घोषणा की है। इसके तहत व्यापारी 2350 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बाजरा खरीदेंगे और शेष 600 रुपये की भरपाई सरकार की ओर से किए जाने की बात कही गई है। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि पिछले वर्ष व्यापारियों ने बाजरा 2350 रुपये की बजाय 1800 से 1900 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर खरीदा था। इससे किसानों को प्रति क्विंटल 450 से 550 रुपये तक कम मिले। उन्होंने भरपाई योजना को रद्द कर किसानों को बाजरे का पूरा भुगतान 2950 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की।
जनसंपर्क के दौरान किसानों ने अगली फसल की तैयारी के लिए डीएपी और यूरिया की कमी होने की बात कही। किसानों ने सिंचाई के लिए नहरी पानी की किल्लत का मुद्दा भी संगठन के सामने रखा।
कार्यकर्ताओं ने किसानों और मजदूरों से इन मुद्दों को लेकर आंदोलन को मजबूत करने और 26 अक्तूबर को बोहर में आयोजित महापंचायत में पहुंचने का आह्वान किया। जनसंपर्क अभियान में राजबीर सिंह, सतबीर सिंह, दीवान सिंह, दयानंद, कृष्ण, संजीव, सत्यवान, सुरेंद्र सिंह, विजय कुमार, सुरेश और सुनील मौजूद रहे।