बहादुरगढ़। कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज (कोबी) के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) के सदस्य (जीएसटी) संजय मंगल से मुलाकात कर जीएसटी से जुड़े विभिन्न नीतिगत मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने जीएसटी प्रक्रियाओं को सरल बनाने, अनुपालन लागत कम करने और उद्योगों के लिए बेहतर कारोबारी माहौल उपलब्ध कराने की मांग रखी।
सीजीएसटी रोहतक आयुक्तालय के जीएसटी भवन में आयोजित संवादात्मक बैठक में सीबीआईसी सदस्य संजय मंगल ने करदाताओं और उद्योग प्रतिनिधियों से संवाद किया। बैठक में सीजीएसटी पंचकूला जोन के मुख्य आयुक्त शुभ चिंतन और सीजीएसटी रोहतक के आयुक्त दीपक कुमार भी मौजूद रहे।
कोबी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संस्था के कोषाध्यक्ष अशोक कुमार मित्तल ने किया। प्रतिनिधिमंडल में अनिल गोयल, परशोत्तम गोयल, दीपक शर्मा, पंकज वशिष्ठ, अनिल मक्कड़, अतुल बंसल, सिद्धार्थ जैन, सनी बंसल, सतीश मित्तल और रॉबिन मित्तल शामिल रहे।
अशोक कुमार मित्तल ने उद्योग एवं व्यापार प्रतिनिधियों को संवाद का अवसर देने के लिए सीबीआईसी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल से उद्योग और कर प्रशासन के बीच विश्वास बढ़ता है।
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से करों के युक्तिकरण, पूर्णत: कर-मुक्त विनिर्मित वस्तुओं से जुड़ी समस्याओं, इनवर्टेड ड्यूटी स्ट्रक्चर, रिफंड प्रक्रिया, ई-वे बिल प्रणाली, अनुपालन को सरल बनाने, मुकदमेबाजी कम करने और करदाता सुविधाओं में सुधार जैसे विषय उठाए। साथ ही घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को मजबूत करने के लिए सुझाव दिए।
सीबीआईसी सदस्य संजय मंगल ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और उचित स्तर पर विचार करने का आश्वासन दिया।
-फोटो 92 :