बहादुरगढ़। गांव खरहर की फिरनी पर पंचायती राज विभाग द्वारा लगाई गई स्ट्रीट लाइटें खराब हो गईं। वार्ड नंबर 10 की पंच मनीषा शर्मा ने मुख्यमंत्री को शिकायत भेजी है। उन्होंने खराब लाइटों को तत्काल ठीक कराने और पूरे कार्य की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच कराने की मांग की है।
मनीषा शर्मा ने शिकायत में बताया कि फिरनी पर लगभग सभी स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। रात में ग्रामीणों, महिलाओं, विद्यार्थियों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट के खंभे समान दूरी पर नहीं लगाए गए हैं। कुछ जगहों पर खंभे बेहद कम दूरी पर स्थापित किए गए हैं। कुछ ही महीनों में लाइटें खराब हो गईं। इससे सामग्री की गुणवत्ता और विभागीय निरीक्षण पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पंच ने जूनियर इंजीनियर पंकज को कई बार सूचित किया। 17 जुलाई को पंचायती राज विभाग झज्जर के अधिशासी अभियंता युद्धवीर मलिक को लिखित शिकायत दी गई, पर समस्या का समाधान नहीं हुआ। 22 जुलाई को मुख्यमंत्री शिकायत निवारण प्रणाली पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। मनीषा शर्मा ने मुख्यमंत्री से स्वतंत्र तकनीकी जांच, दोषी अधिकारियों व ठेकेदार पर कार्रवाई तथा सभी खराब लाइटों को शीघ्र चालू कराने की मांग की है। युद्धवीर मलिक ने बताया कि शिकायत समाधान शिविर में आई थी, और संबंधित एजेंसी एक-दो दिन में लाइटें ठीक कर देगी।