फोटो संख्या:-59 महेंद्रगढ़ में साइकिल की दुकान पर साइकिल खरीदते हुए ग्राहक। संवाद
महेंद्रगढ़। बदलती जीवनशैली और घटते शारीरिक श्रम के बीच अब लोग फिट रहने के लिए साइकिल खरीद रहे हैं। यही कारण है कि शहर में पिछले तीन महीनों के दौरान साइकिल का कारोबार तेजी से बढ़ा है। शहर की तीन साइकिल दुकानों पर तीन महीने में करीब 400 साइकिलें बिक चुकी हैं, जिससे व्यापारियों को लगभग 10 लाख रुपये का कारोबार हुआ है।
साइकिल विक्रेता लीलाराम शर्मा ने बताया कि पहले जहां औसतन हर महीने करीब 80 साइकिलें ही बिकती थीं, वहीं अब मांग बढ़ने के कारण बिक्री में काफी इजाफा हुआ है। सुबह और शाम के समय शहर की सड़कों पर साइकिल चलाने वाले युवाओं और बच्चों की संख्या भी पहले के मुकाबले बढ़ी है। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ-साथ लोग नियमित व्यायाम के रूप में साइकिल चलाना पसंद कर रहे हैं। लीलाराम शर्मा ने बताया कि बाजार में इन दिनों रेंजर और गियर रेंजर साइकिलों की मांग सबसे ज्यादा है। खासकर युवाओं और विद्यार्थियों में गियर वाली साइकिलों का क्रेज बढ़ा है। कई लोग स्कूल-कॉलेज आने-जाने के लिए भी साइकिल खरीद रहे हैं, जिससे बिक्री को बढ़ावा मिला है। बाजार में साइकिलों की आपूर्ति मुख्य रूप से सोनीपत और लुधियाना से हो रही है। साइकिलों की कीमत अलग-अलग मॉडल के अनुसार तय है।
वर्तमान में बाजार में साइकिलें 4500 रुपये से लेकर 10 हजार रुपये तक की कीमत में उपलब्ध हैं। साधारण साइकिलों के साथ-साथ गियर वाली और आकर्षक डिजाइन की साइकिलें भी ग्राहकों को खूब पसंद आ रही हैं। बच्चों के लिए रंग-बिरंगी और छोटे आकार की साइकिलें भी बाजार में उपलब्ध हैं, जिनकी मांग भी अच्छी बनी हुई है। फिटनेस के प्रति बढ़ती जागरूकता और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के कारण भी लोग साइकिल को एक बेहतर विकल्प के रूप में अपना रहे हैं।