27jjrp02-झज्जर-फर्रुखनगर मार्ग (एसएच-15ए) जिसके फोरलेन सुधार कार्य के लिए सरकार ने 64 करोड़ 49
- फोटो : Archive
झज्जर। जिला में सड़क आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए हरियाणा सरकार ने झज्जर-फर्रुखनगर मार्ग (एसएच-15ए) के फोरलेन सुधार कार्य के लिए 64 करोड़ 49 लाख 75 हजार रुपये की प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की है।
यह कार्य झज्जर जिला की सीमा में 21.300 किलोमीटर तक के हिस्से पर किया जाएगा। प्रशासनिक स्वीकृति के तहत रोड आईडी 6520 के अंतर्गत आने वाले झज्जर-फर्रुखनगर मार्ग को फोरलेन करने एवं सुधारने का कार्य किया जाएगा। इस परियोजना से मार्ग की यातायात क्षमता बढ़ने के साथ-साथ क्षेत्र में आवागमन को और सुगम बनाने में मदद मिलेगी। बेहतर सड़क ढांचा क्षेत्र के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है। झज्जर-फर्रुखनगर मार्ग के सुधार एवं फोरलेनिंग से आवागमन सुविधाओं में विस्तार होगा और क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी।
जिले में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने से जुड़ी परियोजनाओं को निर्धारित मानकों एवं समयबद्ध प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाया जा रहा है। इस सड़क का मजबूतीकरण और नवीनीकरण होने से न केवल गुरुग्राम जाने वाले वाहन चालकों को फायदा मिलेगा, साथ ही समय की भी बचत होगी। डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि सरकार की तरफ से प्रशासनिक मंजूरी मिल गई है।
पूरा दिन रहता है वाहनों का आवागमन
झज्जर-गुरुग्राम रोड पर पूरा दिन वाहनों का आवागमन रहता है। पूरा दिन वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। रोड को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इससे वाहन चालकों को राहत मिलेगी।