प्रदेश की राजधानी में तेजी से फैलते डेंगू के प्रकोप पर काबू पाने के लिए सीएमओ ने एसएसपी को पत्र लिखा है। सीएमओ ने पत्र में कहा है कि पुलिस थानों में जमा पुराने वाहनों और सामान में डेंगू के लार्वा पनप रहे हैं।
सीएमओ ने एसएसपी को विशेष सफाई अभियान चलाकर थानों में जमा ऐसे सामान को हटाने करने का निर्देश दिया है। साथ ही थानों की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा है। सीएमओ ने 43 थानों को चिन्हित कर उनके नाम भी एसएसपी को भेजे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए गए जांच अभियान में कैसरबाग, हजरतगंज, विकासनगर कोतवाली समेत चारबाग निर्माणाधीन मेट्रो स्टेशन पर भी डेंगू का लार्वा पाया गया है।
इससे पहले स्वास्थ्य विभाग ने केजीएमयू वीसी के घर पर भी डेंगू के लार्वा के पाए जाने की पुष्टि की थी। राजधानी में डेंगू की चपेट में आने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। सोमवार को एक और व्यक्ति में डेंगू की पुष्टि हुई है।
इसके बाद डेंगू की चपेट में आने वालों की संख्या बढ़कर 31 हो चुकी है। इसमें से एक मरीज की मौत भी हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि इस साल डेंगू-मलेरिया से बचने के लिए पूरे इंतजाम कर लिए गए हैं।
राजधानी के सभी 110 वार्डों में नियमित रूप से एंटी लार्वा के छिड़काव से लेकर फॉगिंग भी कराई जा रही है। इससे बचाव का एकमात्र विकल्प सावधानी है।