निरीक्षण के दौरान सीएमओ व एसीएमओ।
- फोटो : अमर उजाला
स्वास्थ्य सेवाओं को परखने के लिए शुक्रवार को जिला मुख्य चिकित्साधिकारी ने महेवा ब्लाक के दो गांवों की पीएचसी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें कर्मचारी नदारद मिले। गंदगी भी फैली थी। इस पर सीएमओ ने सभी गैर हाजिर कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है। सीएमओ के मुताबिक आगे भी निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का प्रयास
किया जाएगा। सीएमओ डॉ. अल्पना बरतारिया दोपहर के वक्त एसीएमओ डॉ. बीएम खैर के साथ महेवा ब्लाक के गांव बाबई स्थित पीएचसी पहुंची। यहां उन्हें एमओआईसी बीएल गुप्ता तो उपस्थित मिले लेकिन यहां कार्यरत स्टाफ में फार्मेसिस्ट, वार्ड ब्वाय, आयुष चिकित्सक एवं ब्लॉक लेखा प्रबंधक अनुपस्थित मिले। इसके अलावा आपरेशन कक्ष में साफ-सफाई ठीक न
मिलने पर नाराजगी जाहिर की। इसके बाद सीएमओ इसी ब्लाक के गांव चुर्खी स्थित पीएचसी पहुंचीं। यहां उन्हें सब कुछ ठीक मिला, लेकिन जब अस्पताल का निरीक्षण किया तो गंदगी देख भड़क गईं। इस पर स्वास्थ्य कर्मियों को फटकार लगाई और अस्पताल की सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। सीएमओ का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्रों में गंदगी तो किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाह कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।