तेल कारोबारी के जुड़वां बच्चों की अपहरण के बाद हत्या के चर्चित मामले में मध्यप्रदेश की उच्च सुरक्षा वाली सतना सेंट्रल जेल में बंद एक आरोपी ने मंगलवार सुबह फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन ने मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश देते हुए एक सदस्यीय जांच कमेटी भी गठित की। बंदी के शव का पोस्टमार्टम बुधवार को तीन डॉक्टरों का पैनल करेगा।