झज्जर। राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय ढाकला में चल रहे भारतीय भाषा ग्रीष्मकालीन कैंप के दूसरे दिन विद्यार्थियों को डिजिटल बोर्ड के माध्यम से अन्य राज्यों का वर्चुअल टूर करवाया गया। विद्यालय के हिंदी प्रवक्ता राजेश कुमार, संस्कृत प्रवक्ता मनोज कुमार, कला अध्यापक लख्मी चंद तथा गणित अध्यापक सुनील कुमार ने बच्चों को वर्चुअल टूर कराने के साथ-साथ छोटे-छोटे वाक्यों का अभ्यास भी करवाया।
बच्चों को दुकान पर सामान पूछना, रेस्टोरेंट में खाने के बारे में जानकारी लेना, बस स्टैंड पर रास्ता पूछना, ट्रैफिक नियमों और स्थानीय बातचीत से जुड़े वाक्य सिखाए गए। विद्यार्थियों को ऐसे 10-12 वाक्य कॉपी में लिखने और घर पर अभ्यास करने के लिए कहा गया। बुधवार को बच्चों के लिए पंजाबी भाषा से संबंधित म्यूजिक, डांस और पेंटिंग गतिविधियों के माध्यम से भाषा सीखने का आयोजन किया जाएगा।