साल्हावास। खंड मातनहेल में बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता और शोध में रुचि को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम में बच्चों ने अपने मॉडलों के माध्यम से विज्ञान की विभिन्न विधाओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकोें को प्रभावित किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खाचरौली, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बहु, मॉडल स्कूल लडायन, अकेहड़ी मदनपुर, आजाद नगर और मातनहेल की टीमों ने शानदार प्रस्तुति से सबका मन जीता और प्रदर्शनी में स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम के मूल्यांकन के लिए गठित निर्णायक मंडल में मदन सिंह, सविता और पूनम ने विशेषज्ञता के आधार पर सभी प्रोजेक्ट्स का निरीक्षण किया। विभिन्न स्कूलों से आई टीमों ने पर्यावरण संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा, स्वास्थ्य, रोबोटिक्स, जल संरक्षण, नशा मुक्ति, कृषि सुधार जैसे विषयों पर अनेक आकर्षक और उपयोगी मॉडल तैयार किए।
खंड शिक्षा अधिकारी राजबाला फौगाट ने कहा कि हार-जीत किसी भी प्रतियोगिता का अंतिम उद्देश्य नहीं बल्कि महत्वपूर्ण है कि विद्यार्थी पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ भाग लें। इसी सहभागिता से उनमें सीखने, समझने और आगे बढ़ने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ऐसी गतिविधियों को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया। इस अवसर पर वेद प्रकाश, पिंकी, प्रमिला, दिनेश मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।